रविवार को भी कारोबार की छूट, जबरदस्ती करने वालों पर होगी कार्रवाई,_” सहायक श्रम अधिकारी आकांशा पाठक”

अब रविवार को भी खुलेंगी दुकानें, जबरन बंद नहीं करवा सकते – सहायक श्रम अधिकारी आकांक्षा पाठक,
सीधी। शहर के व्यापारियों के लिए राहत भरी खबर है। अब सप्ताह के सभी दिन दुकानें खोलने की अनुमति मिल गई है। जिला सहायक श्रम अधिकारी आकांक्षा पाठक ने स्पष्ट किया है कि दुकानदार अपनी मर्जी से किसी भी दिन दुकान खोल या बंद कर सकते हैं। किसी भी संगठन या व्यक्ति को जबरन दुकान बंद कराने का अधिकार नहीं है।
मीडिया से बातचीत में आकांक्षा पाठक ने कहा कि सप्ताह के सातों दिन दुकान खोलने की छूट है। यदि कोई दुकानदार दुकान बंद करता है, तो उसे किराया, बिजली बिल और कर्मचारियों का वेतन जैसे खर्चों का नुकसान उठाना पड़ता है। इसलिए दुकान खोलने या बंद करने का निर्णय पूरी तरह दुकानदार की सहमति पर निर्भर करता है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दुकानों में काम कर रहे श्रमिकों को जबरन सातों दिन काम पर नहीं लगाया जा सकता। यदि कोई श्रमिक अवकाश लेना चाहे, तो उसे छुट्टी दी जा सकती है। श्रम कानूनों के तहत श्रमिकों के हितों की रक्षा की जाएगी।
इस निर्णय से व्यापारियों में खुशी की लहर है और वे अब बिना किसी दबाव के अपने व्यवसाय का संचालन कर सकेंगे।