मीठापुर-माहुली-पुनपुन परियोजना के एलिवेटेड पथ का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया लोकार्पण

रिपोर्ट: नवीन कुमार, संवाददाता – पटना, बिहार,
पटना से रांची, गया, जहानाबाद जाने वालों को बड़ी राहत, जाम से मिलेगी मुक्ति,
पटना। बिहार की राजधानी पटना में मीठापुर-माहुली-पुनपुन परियोजना के तहत भूपतिपुर से पुनपुन तक बनाए गए एलिवेटेड पथ का लोकार्पण मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी, नगर विकास मंत्री नितिन नवीन, सांसद रविशंकर प्रसाद, पूर्व सांसद रामकृपाल यादव, विधान पार्षद रवीन्द्र प्रसाद और पूर्व मंत्री श्याम रजक समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
एनएच-83 पर बनाए गए इस एलिवेटेड पथ की लागत 1105 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस पथ के चालू हो जाने से पटना से गया, जहानाबाद, डोभी और रांची जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। जाम से निजात मिलेगी और समय की भी बचत होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पटना से सिपारा होते हुए माहुली और पुनपुन की दूरी महज 7 मिनट में तय की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से न केवल पटना बल्कि जहानाबाद, गया, अरवल, औरंगाबाद और राजगीर जैसे जिलों को भी लाभ मिलेगा। पुनपुन के समग्र विकास के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
लोकार्पण समारोह में उपस्थित स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताया और कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार लगातार तरक्की कर रहा है। लोगों ने एलिवेटेड पथ के निर्माण से हुई राहत को लेकर प्रसन्नता जाहिर की।