हेडिंग: सीधी में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप — तीन सगे भाइयों ने मिलकर भाई का फोड़ा सिर, जिला अस्पताल में भर्ती

सीधी जिले के गोपदबनास तहसील अंतर्गत ग्राम पड़रिया कला में शुक्रवार शाम करीब 5 बजे एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घर पर आराम कर रहे सोमनाथ साकेत पर उसके तीन सगे भाइयों — संतोष साकेत, रविंद्र साकेत और मिठाईलाल साकेत ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपी गाली-गलौज करते हुए घर में घुसे और अचानक लाठी-डंडों से वार कर दिया। इस हमले में सोमनाथ के सिर पर गंभीर चोट आई है और हाथ की हड्डी भी टूट गई।
घटना की जानकारी पड़ोसी रामभजन विश्वकर्मा को मिलते ही वह तुरंत घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि अब हालत स्थिर है और कुछ दिनों तक आराम करने की सलाह दी गई है।
वहीं, अस्पताल चौकी प्रभारी आर. पी. माझी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच संबंधित थाना क्षेत्र को सौंप दी जाएगी।