पटना डबल डेकर ब्रिज पर दुस्साहस: उद्घाटन के अगले ही दिन चोरी, कांग्रेस ने उठाए भ्रष्टाचार पर सवाल

0 306

नवीन कुमार पटना।

बिहार की राजधानी पटना में अशोक राजपथ पर बना नवनिर्मित डबल डेकर पुल उद्घाटन के अगले ही दिन विवादों में घिर गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बुधवार को उद्घाटन किए गए इस करोड़ों की लागत वाले पुल से गुरुवार को नट-बोल्ट चोरी होते दिखे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक पुल की रेलिंग के नट-बोल्ट खोलते नजर आ रहे हैं।

 

वीडियो में दिखा कि एक लड़का लुंगी और शर्ट पहने पुल की रेलिंग से नट-बोल्ट खोल रहा था। तभी वीडियो बना रहा एक व्यक्ति उसे डांटते हुए कहता है – “तुम लोग चोरी करना चालू कर दिए?” – जिसके बाद युवक भाग खड़ा होता है। वीडियो में यह भी दिखा कि कुछ अन्य लड़के भी पुल पर आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं। यह घटना न सिर्फ लापरवाही बल्कि सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

 

कांग्रेस का हमला: पुल भी अब सुरक्षित नहीं!

 

बिहार कांग्रेस ने इस घटना को लेकर ट्वीट कर राज्य सरकार और ठेकेदार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा:

“पटना के डबल डेकर ब्रिज से गायब हो रहे हैं नट-बोल्ट – क्या अब जान की कीमत भी ‘ठेकेदारी’ तय करेगी? ये सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी गहरी हैं कि अब पुल भी सुरक्षित नहीं।”

 

सुरक्षा के उपाय: वेल्डिंग और गश्ती

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने फ्लाइओवर की सुरक्षा बढ़ाने की योजना बनाई है। पुल पर लगे नट-बोल्ट को अब वेल्डिंग कर स्थायी रूप से फिक्स करने की तैयारी की जा रही है। साथ ही पुल पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और संबंधित थाना क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के लिए पत्र भी भेजा जा रहा है।

 

सवाल खड़े:

 

क्या इतनी जल्दी पुल से नट-बोल्ट गायब होना सुरक्षा और निर्माण की खामी नहीं दर्शाता?

 

क्या ठेकेदार की जवाबदेही तय की जाएगी?

 

क्या ऐसे हालात में आम नागरिकों की जान खतरे में नहीं है?

 

इस घटना ने न केवल प्रशासन की सतर्कता पर सवाल उठाए हैं, बल्कि यह भी जाहिर कर दिया है कि करोड़ों की लागत से बना पुल भी असुरक्षित है जब तक उस पर जन-जागरूकता और कड़ी निगरानी न हो।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment