सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चोभरा में उधारी का सामान नहीं देने पर एक किराना दुकान में चोरी की वारदात सामने आई है। दुकान मालिक शिवपूजन मिश्रा ने बताया कि शिव प्रसाद कोल और मनोज कोल दुकान पर सामान लेने आए थे। उनके पुराने उधारी चुकता करने की बात कहने पर उन्हें नई उधारी देने से इनकार किया गया। इस पर दोनों ने गाली-गलौज करते हुए देख लेने की धमकी दी और लौट गए।
रात करीब 10 बजे देवेंद्र मिश्रा ने फोन कर सूचना दी कि कुछ लोग दुकान की गोमती तोड़ रहे हैं। जब शिवपूजन मौके पर पहुंचे, तो पाया कि दुकान से सारा सामान चोरी हो चुका था। उन्होंने तत्काल 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, फोटो ली और दोनों संदिग्धों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह देकर लौट गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी रामपुर नैकिन सुधांशु तिवारी ने मीडिया को बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है, और वीट प्रभारी मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।