सेवानिवृत्त अधिकारियों को नगर निगम का नोटिस, एक सप्ताह में खाली करें आवास
खाली करें आवा आदेश की अनदेखी पर होगी नियमानुसार कार्रवाई: कमिश्नर डी.के. शर्मा
सिंगरौली, 8 जून 2025

नगर पालिक निगम सिंगरौली ने अपने 10 सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को आवास खाली करने के लिए अंतिम चेतावनी जारी की है। सेवा निवृत्ति के दो महीने पूर्ण हो जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक निगम के शासकीय आवास खाली नहीं किए गए हैं।
नगर निगम कमिश्नर डी.के. शर्मा द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार सेवानिवृत्त अधिकारी/कर्मचारी को सेवानिवृत्ति की तिथि से 2 माह के भीतर आवास खाली कर निगम को हैंड ओवर करना होता है। लेकिन उक्त 10 सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने इस निर्देश का पालन नहीं किया है।
जारी नोटिस में सभी संबंधितों को एक सप्ताह की अंतिम मोहलत दी गई है, जिसके भीतर उन्हें अपना शासकीय आवास खाली कर निगम को सौंपना अनिवार्य होगा। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय-सीमा में आवास खाली नहीं किया गया, तो निगम द्वारा नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।
निगम के इस सख्त रुख से यह स्पष्ट है कि अब सेवानिवृत्ति के बाद शासकीय नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध प्रशासन कठोर कदम उठाने को तैयार है।