सीधी विधानसभा क्षेत्र के पंडरी ग्राम में राजेश द्विवेदी की संदिग्ध मृत्यु, परिवार ने उठाए गंभीर सवाल

0 753

सीधी। पंडरी ग्राम के निवासी श्री राजेश द्विवेदी की कटनी स्थित अविनाश ट्रांसपोर्ट कैंपस में दर्दनाक और संदिग्ध परिस्थिति में मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। लगभग 6 दिन पूर्व हुई इस घटना के बाद परिवार और स्थानीय जनप्रतिनिधि मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

परिवार के अनुसार, 28 मई को राजेश को सीधी पुलिस ने बस स्टैंड से हिरासत में लेकर सीधी सिटी कोतवाली में सौंपा था। इसके बाद उनका ट्रांसपोर्ट मालिक को सौंपे जाने की जानकारी परिवार को नहीं दी गई। ट्रांसपोर्ट मालिक से हुई बातचीत में उन्हें ₹15 लाख की फिरौती मांगी गई थी। परिवार ने आरोप लगाया कि राजेश ने वीडियो कॉल पर अपनी परेशानी बताई थी और रोते हुए कहा था कि उन्हें बंधक बनाया गया है तथा वे प्रताड़ित हो रहे हैं।

परिवार के अनुसार, अचानक उन्हें सूचना मिली कि राजेश की मृत्यु हो गई है और वह बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर चुके हैं। परंतु पोस्टमार्टम और शव के निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं पाई गईं। फांसी के फंदे के पट्टे और शव पर लिपटी सफेद तोलिये के बीच फर्क, पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के समय परिवार को न ले जाना और कोई वीडियो रिकॉर्डिंग न करना, परिवार की शंकाओं को और मजबूत करता है।

राजेश की पत्नी ने कहा, “मेरे पति ने अंतिम समय तक सही मूड में थे। मुझे लगता है कि इसमें पुलिस और ट्रांसपोर्ट मालिक के बीच सांठगांठ है। मेरे पति को तड़प-तड़प कर मारा गया है और यह एक साजिश है। मेरे तीन छोटे बच्चे हैं और मैं बीमार हूं। अब मैं अपने परिवार का खर्चा कैसे चलाऊंगी?”

भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष विकास नारायण तिवारी ने इस मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा, “यदि पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं करती है तो हम गरीबों के हित में उग्र आंदोलन करेंगे। इस मुद्दे को पूरे देश में उठाया जाएगा ताकि अन्याय करने वालों को कठोर सजा मिले।”

इस घटना स्थल पर भारतीय हिंदू परिषद प्रदेश उपाध्यक्ष श्री संजय सोनी भी मौजूद थे, जिन्होंने घटना की निंदा की और पीड़ित परिवार के साथ न्याय की आवाज बुलंद की।

यह मामला अब सीधी और कटनी पुलिस प्रशासन के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है। जनता और परिवार न्याय की मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों को कानून के कटघरे में लाया जाए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment