सीधी जिले के सेमरिया सहित कई गांवों में हफ्ते भर नहीं मिलेगी बिजली, बिजली उपकरण की कमी से ग्रामीण परेशान,

सीधी जिले के चुरहट तहसील अंतर्गत सेमरिया, हनुमानगढ़, मड़वा सहित कई गांवों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। सेमरिया एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां करीब 150 दुकानें संचालित होती हैं। ट्रांसफार्मर जल जाने से बिजली सप्लाई बंद होने के कारण व्यापारिक गतिविधियां थम गई हैं।
ग्राम पंचायत मड़वा के सरपंच सुरेश कुमार चौधरी ने मीडिया को बताया कि बिजली नहीं मिलने से बोरवेल का पानी भी नहीं निकल पा रहा है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, बिजली विभाग के अधिकारी न तो फोन उठा रहे हैं और न ही कार्य स्थल पर मौजूद हैं।
सेमरिया निवासी श्रीधर शुक्ला ने कहा कि ग्रामीण समय पर बिजली बिल भरते हैं, फिर भी विभाग की लापरवाही से उन्हें अंधेरे में रहना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
कनिष्ठ यंत्री मनीष सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर उपलब्ध नहीं हैं और कई जगहों पर तार लाइनें टूटी हुई हैं। पेड़ों की डालियाँ भी तारों पर गिरी हुई हैं। मरम्मत का काम जारी है और पूरे कार्य में करीब एक सप्ताह का समय लग सकता है।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि विभाग के पास जरूरी तकनीकी पुर्जों और ट्रांसफार्मरों की भारी कमी है। ऐसे में प्रदेश सरकार के 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग की है।