मोरवा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष कांत देव सिंह रहे विशेष रूप से उपस्थित
भारतीय सेना के "ऑपरेशन सिंदूर" को समर्पित यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

मोरवा (नगर निगम क्षेत्र) में 21 मई की संध्या एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो भारतीय सेना के “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता को समर्पित रही। यह यात्रा सर्व समाज के तत्वावधान में आयोजित की गई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री कांत देव सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
शिव मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई संपन्न हुई। प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सिंह एवं जिलाध्यक्ष श्री सुंदरलाल शाह ने विशाल जनसमूह के साथ हाथों में तिरंगा थामे नगर भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने सेना के शौर्य को नमन करते हुए देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्र के प्रति नैतिक समर्थन प्रकट किया।
नगरवासियों ने भी इस यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया और भारतीय सेना के पराक्रम को सलामी दी। समाज के सभी वर्गों से नागरिक, युवा, महिलाएँ, बुजुर्ग तथा बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिक शामिल हुए। गगनभेदी नारों के साथ तिरंगा यात्रा एक जन-जागृति का रूप लेती दिखी।
यात्रा में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक श्री राम लल्लू वैश्य, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री वीरेंद्र गोयल, पूर्व महापौर श्रीमती प्रेमवती खैरवार, मंडल अध्यक्ष श्री विनोद सिंह कुरुवंशी, श्री संदीप झा, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती आशा यादव, जिला मंत्री श्री अरविंद तिवारी, श्रीमती किरण सागर, श्रीमती नम्रता सिंह सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता व भूतपूर्व सैनिक उपस्थित रहे।