सीधी में नशे के सौदागरों पर बड़ी चोट: बहरी पुलिस ने पकड़ी 1.75 लाख की स्मैक, दो गिरफ्तार

सीधी।
बहरी पुलिस ने तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 1 लाख 75 हजार रुपये कीमती स्मैक, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी बहरी राकेश बैस के नेतृत्व में की गई।
दिनांक 22 मई 2025 को थाना प्रभारी बहरी को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम डढ़िया निवासी दिलीप उर्फ डीडी दीक्षित अपने एक साथी के साथ काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से स्मैक की सप्लाई लेकर ग्राम डढ़िया लौट रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की योजना बनाई।
ग्राम गुधली-तिलई तिराहा के पास संदेहियों का इंतज़ार किया गया। कुछ समय बाद एक मोटरसाइकिल आती दिखी जिसे रोककर तलाशी ली गई। चालक विधि विरोधी बालक निकला, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति दिलीप दीक्षित (पिता स्व. दयानंद दीक्षित, उम्र 26 वर्ष) पाया गया। तलाशी में दिलीप दीक्षित के पास से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और एक काली पन्नी में 6 पैकेट स्मैक/हेरोइन बरामद हुई।
तौल में बरामद मादक पदार्थ की मात्रा 32.12 ग्राम पाई गई, जिसकी कीमत लगभग 90,000 रुपये आंकी गई। इसके अलावा दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन (मूल्य लगभग 35,000 रुपये) तथा मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 50,000 रुपये) भी जप्त की गई। कुल जब्ती की राशि लगभग 1 लाख 75 हजार रुपये है।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश बैस, सहायक उप निरीक्षक जय नारायण श्रीवास्तव, प्रआर अरविंद यादव, रामसुंदर साकेत, आरक्षक राजकमल भुर्तिया, रजनीश द्विवेदी, अवधेश कुशवाहा एवं साइबर सेल से कृष्ण मुरारी द्विवेदी की उल्लेखनीय भूमिका रही।