तेज आंधी में सम्राट चौक पर गिरा पीडब्लूडी का बोर्ड, बड़ा हादसा टला,ठेले वाले को हुआ भारी नुकसान

जिला ब्यूरो चीफ सीधी विनय कुमार त्रिपाठी
सीधी जिले के बीच शहर स्थित सम्राट चौक पर सोमवार शाम आई तेज आंधी और बारिश के दौरान एक बड़ा विभागीय सूचना बोर्ड भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक ठेले वाले का ठेला और सारा सामान पूरी तरह बर्बाद हो गया।
मौके पर मौजूद ठेले वाले ने बताया कि, “अचानक तेज आंधी चली और इसी दौरान विभाग का बोर्ड सीधे हमारे ठेले पर गिर पड़ा। ठेले की कीमत करीब दस हजार रुपये और सामान भी लगभग दस हजार का था, सब नष्ट हो गया।”
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस बोर्ड के गिरने से हादसा हुआ, उसमें पहले से ही जंग लगे बड़े-बड़े छेद दिखाई दे रहे थे। लोगों का कहना है कि यदि विभाग द्वारा समय रहते बोर्ड की मरम्मत या हटाने की कार्रवाई की गई होती, तो यह दुर्घटना रोकी जा सकती थी।
इस घटना ने विभागीय लापरवाही को उजागर कर दिया है। अब स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि ऐसी जर्जर और खतरनाक संरचनाओं की तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।