कंचन नदी पुनर्जीवन परियोजना का कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल ने किया अवलोकन
छोटी नदियों के संरक्षण से सुनिश्चित होगा बड़ी नदियों में जल भंडारण – प्रहलाद पटेल
सिंगरौली, 16 मई 2025।

मध्य प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री प्रहलाद पटेल ने आज सिंगरौली जिले में संचालित कंचन नदी पुनर्जीवन परियोजना का निरीक्षण कर ग्रामवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि “जब छोटी नदियां बारहमासी होंगी, तभी बड़ी नदियों में जल का स्थायी भंडारण संभव हो सकेगा।”
उन्होंने परियोजना की सराहना करते हुए इसे सरकार और समाज के साझा प्रयास से नदी संरक्षण का एक आदर्श उदाहरण बताया। श्री पटेल ने कहा कि कंचन नदी के संरक्षण कार्य से प्रेरणा लेकर प्रदेशभर में लुप्तप्राय जलस्रोतों को पुनर्जीवित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि यह उनकी 55वीं नदी उद्गम स्थली पर यात्रा है, और उन्होंने जनसमूह से आह्वान किया कि “जन भागीदारी से जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार में योगदान दें।”
इस अवसर पर अवधूत महायोगी समर्थ दादा ने भी जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नदी का उद्गम स्थल केवल जल का नहीं, बल्कि ऊर्जा का भी स्रोत होता है। उन्होंने नदियों की सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित करते हुए स्थानीय तकनीक व परंपराओं से संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह, सांसद डॉ. राजेश मिश्र, विधायक श्री रामनिवास शाह, देवसर विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम, कलेक्टर श्री चंद्र शेखर शुक्ला, पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री, जिला प्राधिकरण अध्यक्ष श्री दिलीप शाह, नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री सुंदरलाल शाह, जिला पंचायत सीईओ श्री गजेंद्र सिंह नागेश सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।