कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.5 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

रिपोर्ट-विनय त्रिपाठी सीधी मध्यप्रदेश
सीधी।कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.5 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जप्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी कोतवाली को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अमहा क्षेत्र के ऊंची हवेली मैदान में एक व्यक्ति झोले में गांजा लेकर खड़ा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर एक संदेही व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा गया, जिसकी पहचान रितेश सोनी पिता मनोज सोनी उम्र 33 वर्ष निवासी अमहा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के झोले से 1.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 15 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र मिश्रा के साथ सउनि राजमणि रजक, प्रधान आरक्षक रणबहादुर सिंह, तिलकराज सिंह, ममता पाठक एवं आरक्षक बालेन्द्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।