जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जन सहभागिता से हुआ व्यापक स्वच्छता एवं जागरूकता कार्य

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडौरी : 07 मई, 2025
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में आज जनपद पंचायतों और नवांकुर संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से जिले के विभिन्न विकासखंडों में “जल गंगा संवर्धन अभियान“ के तहत जनभागीदारी से स्वच्छता अभियान, जागरूकता कार्यक्रम एवं जल संरक्षण की गतिविधियाँ संपन्न हुईं।
ग्राम पंचायत जलेगांव के महुआ टोला नाला क्षेत्र में चौपाल बैठक आयोजित की गई, जिसमें ग्राम प्रस्फुटन समिति एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में श्रमदान कर नाले के किनारे जमी गाद, खरपतवार एवं झाड़ियों की सफाई की गई। यह कार्य जिला समन्वयक श्री बद्री प्रसाद चौहान, विकासखंड समन्वयक श्री अमर लाल धुर्वे, एवं नवांकुर संस्था “जीव दया एवं पर्यावरण संरक्षण“ समनापुर रैयत के सहयोग से संपन्न हुआ। संस्था प्रमुख श्री राकेश मरावी एवं मेंटर श्री मनोज तंतुवाय की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
पड़रिया माल ग्राम में “जन जागृति ग्राम विकास प्रस्फुटन आदर्श ग्राम समिति“ द्वारा रोरा नदी में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम समन्वयक श्री भीखम सिंह धुर्वे, मेट श्री नरेन्द्र सिंह तेकाम, श्री उदय सैयाम, श्री अनूप मसराम, श्री घनश्याम धुर्वे सहित कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा प्रारंभ किए गए जल गंगा अभियान को ग्रामीणों का सक्रिय समर्थन प्राप्त हुआ।
ग्राम चंदवाही के शिव मंदिर आवास टोला तालाब में श्रमदान कर सफाई कार्य संपन्न किया गया। इसमें विकासखंड समन्वयक डॉ. नीलेशवरी वैश्य, नवांकुर संस्था के श्री रामफल परस्ते, श्री कंधी परस्ते, श्री तिवारी यादव, श्री सरमन सिंह एवं श्री बाल करण सहित ग्रामवासी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
ग्राम कौडिया में “ग्राम विकास समिति मझियाखार“ नवांकुर संस्था द्वारा नर्मदा नदी के किनारे स्वच्छता अभियान और जल शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्रीमती अंजू दुबे, श्री त्रिलोकी नाथ वनवासी, मेंटर श्री खिलावन सिंह गौतम एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनभागीदारी से हुए इन कार्यक्रमों ने स्वच्छता, जल संरक्षण एवं पर्यावरण चेतना को नई ऊर्जा दी। यह अभियान ग्रामीण स्तर पर जल स्रोतों की शुद्धता एवं संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बनकर उभरा है।