गौराकन्हारी गांव में आयोजित हुआ बैगा जनजातीय सम्मेलन सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने हितग्राहियों को सौंपे आवास और वन अधिकार पत्र

0 297

जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट

 

डिंडौरी : 21 अप्रैल, 2025
वनग्राम गौराकन्हारी में रविवार को पारंपरिक संस्कृति और सशक्तिकरण का अनूठा संगम देखने को मिला, जब वहां बैगा जनजातीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते उपस्थित रहे। इस दौरान शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे, डिंडोरी विधायक श्री ओमकार मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री रुद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ज्योतिप्रकाश धुर्वे, श्री नरेंद्र राजपूत, श्री पंकज तेकाम, श्री महेश धुमकेती, श्री आशीष वैश्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों के द्वारा प्रधानमंत्री जनजातीय सशक्तिकरण योजना “पीएम जनमन योजना” के अंतर्गत चयनित हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र एवं सामुदायिक वन अधिकार (CFR) पत्र वितरित किए गए। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बैगा समुदाय के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक नृत्य और स्वागत गीत से हुई, जिसमें जनजातीय सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। सांसद श्री कुलस्ते ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार विशेष रूप से जनजातीय समुदायों के विकास और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पीएम जनमन योजना के माध्यम से वन क्षेत्रों में निवासरत जनजातियों को आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा, “वन अधिकार अधिनियम के तहत सामुदायिक वन अधिकार पत्रों का वितरण इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे जनजातीय समाज को उनके पारंपरिक संसाधनों पर अधिकार प्राप्त होगा और वे आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होंगे।” उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र परिवार को योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के समय पर मिले।
इस दौरान कई हितग्राहियों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार की योजनाओं के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, वन उत्पाद प्रदर्शनी और जनकल्याण योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल्स भी लगाए गए थे, जिसमें बहुतायत ग्रामीण लाभान्वित हुए।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment