राष्ट्रपति पुरस्कृत डाॅ मुन्नालाल देवदास के पदचिन्हों पर चलकर अनेक उपलब्धियाँ पा रहे व्याख्याता दुष्यंत वर्मा

सनातन संस्कृति की यह मान्यता है कि संगति का प्रभाव हमारे जीवन में पड़ता ही है। यदि आप अच्छे लोगों की संगति करोगे तो अच्छा परिणाम मिलेगा और बुरे लोगों की संगति करोगे तो बुरा परिणाम भोगना पडे़गा । इसलिए सफलता प्राप्त व्यक्तियों से संगति करके और उनके अनुभव का लाभ लेके आप भी सफलता पा सकते हैं। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है स्वतंत्रता सेनानी हायर सेकेंड्री विद्यालय कौन्दकेरा में पदस्थ व्याख्याता दुष्यंत कुमार वर्मा।
हमारे संवाददाता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि उस स्वतंत्रता सेनानी गौरव ग्राम कौन्दकेरा में राष्ट्रपति एवं राज्यपाल पुरस्कृत सेवानिवृत्त प्रधान पाठक डाॅ मुन्ना लाल देवदास ने 1987 से अप्रैल 2023 तक 36 साल शिक्षकीय सेवाएं दिए हैं। इन 36 सालों में व्याख्याता दुष्यंत कुमार वर्मा डाॅ देवदास के साथ 10 साल शिक्षकीय कार्य किए हैं । जिसके कारण वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी डाॅ देवदास के विभिन्न कार्यशैली को अपनाते रहे। उनके अनुभव का लाभ लेते रहे। इसी के फलस्वरूप दुष्यंत कुमार वर्मा एक अच्छे मंच संचालक, मास्टर ट्रेनर, कविता लेखन, गीत संगीत , शिक्षा में नवाचार , और सबके साथ मधुर संबंध स्थापित करने में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।
आगे बताना चाहेंगे कि डाॅ देवदास की तरह दुष्यंत वर्मा भी स्कूल छुट्टी के बाद अन्य गतिविधि के लिए समय देते हैं, साथ ही गरीब एवं दिव्यांग विद्यार्थियों की सहायता अपने वेतन से करते हैं । इससे प्रभावित होकर उनके गाँव परसदा के सभी शिक्षक मिलकर गरीब विद्यार्थी सहयोग फंड बना लिए हैं। दुष्यंत वर्मा विद्यालय के स्काउट गाइड एवं कला संस्कृति के क्षेत्र में विशेष योगदान देते हैं जिससे कौदकेरा विद्यालय में 50 से अधिक विद्यार्थी राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। दुष्यंत वर्मा डाॅ देवदास के साथ राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर अनेक अवार्ड ले चुके हैं।
सच कहें तो राष्ट्रपति एवं राज्यपाल पुरस्कृत सेवानिवृत्त प्रधान पाठक, साहित्यकार , गीतकार, मंच संचालक, वरिष्ठ समाजसेवी डाॅ मुन्ना लाल देवदास के पदचिन्हों पर चलकर व्याख्याता दुष्यंत कुमार वर्मा निरंतर सफलता पा रहे हैं । वे समाज में और शिक्षा जगत में व्यवहार कुशल, मृदुभाषी , कर्तव्यनिष्ठ और आदर्श शिक्षक के रूप में जाने जाते हैं। यही अच्छी संगति का अच्छा प्रभाव है। इसी प्रकार डाॅ मुन्ना लाल देवदास अनेक लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत बने हुए हैं।