25 जनवरी को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित होगा जिला स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह
’‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम’’
डिंडौरी : 20 जनवरी, 2025
भारत निर्वाचन आयोग का स्थापना दिवस 25 जनवरी को डिण्डौरी में भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग की स्थापना 25 जनवरी 1950 को हुई थी। मतदाता जागरूकता के लिए वर्ष 2011 से राष्ट्रीय मतदाता दिवस को मनाने की परंपरा प्रारंभ की गई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस वर्ष भी जिले में 15वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसका मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष की आयु के सभी नागरिकों का मतदाता सूचियों में पंजीकरण सुनिश्चित करना और सभी पंजीकृत मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए प्रेरित करना है। भारत निर्वाचन आयोग ने इस बार के मतदाता दिवस का थीम ‘वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम’ निर्धारित किया है। प्रतिवर्षानुसार जिला स्तरीय समारोह शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी में प्रातः 11:00 बजे से मनाया जाएगा।