जन जन को मिल रहा जनकल्याण शिविर से लाभ, अब तक आये 50 हजार से अधिक आवेदन




विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे अमरपुर क्लस्टर में आयोजित हुए जनकल्याण शिविर में हुए शामिल
जिला ब्यूरो चीफ मनोज कुमार यादव कि रिपोर्ट
डिंडौरी : 20 जनवरी, 2025
मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत जनशिविरों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।इसी क्रम में आज सोमवार को शहपुरा जनपद पंचायत के तहत ग्राम पंचायत कारीगडहरी, बिजौरी, टिकरासरई, बांसा, गुतलवाह, दल्कासरई में शिविरों का आयोजन किया गया। शहपुरा क्लस्टर में आयोजित जनशिविर शहपुरा विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे के मुख्य आथित्य में संपन्न हुए। विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने ग्राम पंचायत कारीगडहरी में 15वें वित्त के तहत एक सीसी रोड कार्य का भूमिपूजन और एक सीसी रोड का लोकार्पण किया, ग्राम पंचायत टिकरासरई में सीसी रोड एवं सिंचाई निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। साथ ही अन्य लोकार्पण कार्य और भूमिपूजन का हितलाभ ग्रामीणों को प्रदान किया। इस दौरान विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने सम्बोधन में कहा कि युवा, नारी, किसान और गरीब के कल्याण एवं विकास के लिये प्रदेश में 11 दिसम्बर से 26 जनवरी, 2025 तक मुख्यमंत्री जन-कल्याण अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के माध्यम से जिला प्रशासन आपके द्वार तक आपकी समस्याओं का निराकरण करने पहुंच रही है। उन्होंने इस अवसर पर आयुष्मान कार्ड, वृद्धा पेंशन, मातृत्व वंदना योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, सम्बल कार्ड, प्रसूति सहायता आदि योजनाओं के संबंध में ग्रामीणों से चर्चा की और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया।
मुख्यमंत्री जनकल्याण शिविर के तहत 20 जनवरी तक कुल 50721 आवेदन प्राप्त
मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान के तहत प्रशासन गाँव की ओर की अवधारणा को साकार करने के उद्देश्य से जिले में जनकल्याण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों सहित नगर परिषद क्षेत्र में शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले में अभियान के तहत 392 शिविर आयोजित होने है, जोकि प्रतिदिन जनप्रतिनिधि और अधिकारीगणों के द्वारा संपन्न कराए जा रहे है। जनशिविर के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं के निराकरण और राज्य व केन्द्र शासन की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। आज आयोजित शिविरों में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका आर्मो, श्री भजन दास चक्रवर्ती, श्री नितिन गुप्ता, श्री टेकेश्वर साहु, श्री राजेश साहू, श्री अरुण अग्रवाल, श्री पवन झरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 जनवरी तक जिले के सभी सात विकासखंडों और दो नगर परिषद से कुल 50721 आवेदन शिविरों के माध्यम से प्राप्त किये जा चुके है। जिनमें से 47803 आवेदन स्वीकार किये गए है। डिंडोरी शहरी क्षेत्र में आयोजित शिविरों में कुल 1068 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1038 आवेदन स्वीकृत किये गए। इसी प्रकार डिंडोरी ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 8543 आवेदन में से 8259, शहपुरा ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 8653 आवेदन में से 8416, समनापुर में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 8168 आवेदन में से 7788, बजाग में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 6490 आवेदन में से 6215, मेहंदवानी में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 6389 आवेदन में से 5789, अमरपुर में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 7797 आवेदन में से 7726, करंजिया में आयोजित शिविरों में कुल प्राप्त 3263 आवेदन में से 2313 आवेदनों को स्वीकार किया गया। शेष लंबित आवेदनों पर आवश्यक निराकरण की कार्यवाही की जा रही है।