कलेक्टर ने औद्योगिक क्षेत्र के लिए आवंटित भूमि का अवलोकन बगवाज में उद्योगों के लिए आवंटित की गई है 7 हेक्टयर भूमि श्योपुर

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा गुरूवार को शहर से सटे ग्राम बगवाज में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र को औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के लिए आवंटित की गई भूमि का अवलोकन किया गया। इस अवसर पर एसडीएम मनोज गढवाल, सहायक प्रबंधक एमएसएमई शुभम अग्निहोत्री, सहायक प्रबंधक उद्योग केन्द्र नवल किशोर जाटव सहित पटवारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा अवलोकन के दौरान औद्योगिक क्षेत्र के लिए तैयार किये गये नक्शे अनुसार भूमि को विकसित करने के निर्देश दिये गये। उल्लेखनीय है कि ग्राम बगवाज में गुप्तेश्वर महादेव मंदिर के सामने 7 हेक्टयर भूमि उद्योगों के लिए आवंटित की गई है, जिसे शासन स्तर पर मंजूरी भी मिल गई है। औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए पहुंच मार्ग आदि के संबंध में जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
इस औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 24 औद्योगिक यूनिट लगाये जाने का ले-आउट जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा तैयार किया गया है। इस क्षेत्र में कृषि उपकरण निर्माण, सीमेंट पोल एवं पेबर ब्लॉक, पोहा प्लांट, फर्नीचर निर्माण, विधुत ट्रांसफार्मर निर्माण, वायर मेस फेसिंग, डेयरी आधारित उद्योग लगाये जाना प्रस्तावित है। इस क्षेत्र में विधुत सब स्टेशन भी बनाया जायेगा। उल्लेखनीय है कि ग्राम पच्चीपुरा में भी औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि का आवंटन किया गया है। जिसे विकसित करने की कार्य योजना स्वीकृति के लिए उद्योग विभाग मध्यप्रदेश शासन को प्रेषित की गई है।
बॉक्स:
फूड आधारित इंडस्ट्रीज को प्रोत्साहित करने के निर्देश
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्योपुर जिला कृषि प्रधान जिला है, तथा यहां धान एवं गेहूं का उत्पादन प्रचुर मात्रा में होता है। धान एवं गेहूं से संबंधित खाद्य प्रसंस्करण इकाईयों की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए फूड इंडस्ट्रीज के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जायें। इसे दृष्टिगत रखते हुए उन्होने कृषि उपज मंडी क्षेत्र में संचालित निजी क्षेत्र की धान मिल इकाई का अवलोकन भी किया तथा धान उत्पादन के मद्देनजर ओर भी धान मिल लगाए जाने की संभावनाएं तलाशने अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर कृषि उपज मंडी सचिव एसडी गुप्ता भी मौजूद रहें। उल्लेखनीय है कि श्योपुर जिले में उक्त धान मिल के माध्यम से प्रतिदिन 1 हजार से 1100 क्विंटल चावल की मिलिंग की जा रही है। श्योपुर जिले में बेहतर क्वालिटी के धान उत्पादन के चलते देशभर में इसकी मांग निरंतर रूप से बनी हुई है। उक्त धानमिल के माध्यम से व्हाइट शेला किस्म का चावल हरियाणा के व्यापारियों को भेजा जा रहा है। ब्यूरो चीफ नबी अहमद कुरैशी श्योपुर