करंट लगने से आउटसोर्स कर्मचारी की मौत, परिजनों का अस्पताल में हंगामा

– विजयपुर थाना इलाके के गोहटा गांव का मामला।
श्योपुर।
श्योपुर में गुरुवार को बिजली लाइन पर काम करते समय अचानक बिजली सप्लाई ऑन होने से आउटसोर्स कंपनी के एक कर्मचारी को करंट लग गया, इससे उसकी मौत हो गई। घटना से नाराज मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने विजयपुर के सामुदायिक अस्पताल पर हंगामा कर दिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर विजयपुर पुलिस पहुंच गई। जिस पर लोगों को समझाइए दी जा रही है। लेकिन नाराज लोग मानने को तैयार नहीं है।
बिजली कंपनी में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारी वासुदेव प्रसाद जाटव गोहटा गांव के पास बिजली लाइन पर कुछ काम कर रहे थे। बिजली लाइन के खंभे पर चढ़ने से पहले उन्होंने बिजली कंपनी के कर्मचारियों से फोन करवाकर परमिट भी लिया था। लेकिन परमिट वापस करने से पहले बिजली सप्लाई किसी ने ऑन कर दी। इससे वासुदेव को करंट लग गया और उसकी मौत हो गई। विजयपुर के सामुदायिक अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद विजयपुर अस्पताल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है। नाराज लोगों का आरोप है कि, बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने जानबूझकर बिजली सप्लाई ऑन की है। इस वजह से वासुदेव की मौत हुई है। उन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए, इसके अलावा मृतक परिवार को सहायता राशि और नौकरी दी जाए। पुलिस की टीम में मृतक के परिजनों को समझाइश देने में जुटी है। लेकिन वह मानने को तैयार नहीं है। शाम 4:15 बजे तक विजयपुर अस्पताल में हंगामा जारी है।
बॉक्स:
पुलिस समझाइश देने में जुटी
इस बारे में विजयपुर थाना प्रभारी पप्पू सिंह यादव का कहना है कि करंट लगने से बिजली कंपनी के आउटसोर्स कर्मचारी की मौत हुई है। मृतक के परिजनों को समझाइश दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच करके निष्पक्ष तरीके से आगे की कार्रवाई करेगी।
ब्यूरो चीफ नबी अहमद कुरैशी