पानी बिन पढ़ाई चौपट, गजब सैटेलाइट स्कूल नकझर का हाल

रिपोर्ट-सीधी से नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा
सीधी- सुबह होते ही सीधी जिले के किसी न किसी भाग से अजब गजब खबरें मिल ही जाती है। यह खबर देखने के बाद आपको सोचने और धिक्कारने पर मजबूर कर ही देगी कि प्रशासन आखिर इतना बेबस और लाचार क्यों है। ग्राम पंचायत क्षेत्र नकझर कला के टिटहरी में स्थापित सैटेलाइट विद्यालय का हाल बेहद बेहाल है। सरकार द्वारा इस विद्यालय में बच्चों के लिए सभी मूलभूत सुविधायें दी गई थीं। लेकिन पिछले लगातार तीन वर्षों से हैंड पंप के खराब हो जाने के कारण सैटेलाइट विद्यालय के आसपास दूर-दूर तक कहीं पानी दिखाई ही नहीं देता। बच्चों को अपनी प्यास बुझाने के लिए लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी से पानी लाना पड़ता है। यही प्रक्रिया बराबर चलती रहती है । सारा समय पानी भरने में ही समाप्त हो जाता है। जिससे बच्चों की पढ़ाई चौपट के बराबर ही है।
ग्रामीणों द्वारा बताया गया है कि खराब हैंड पंप की पाइप वगैरह निकाल कर शिक्षक द्वारा अपने घर में निजी उपयोग के लिए ले लिया गया है। शौचालय की दुर्दशा देखते ही बनती है, जो खंडहर के रूप में परिवर्तित हो चुका है। पीने के पानी के लिए बनाया गया प्लेटफार्म पूरी तरह से टूट चुका है जो स्वयं प्यासा नजर आता है। गजब की बात तो यह है कि इसी सैटेलाइट विद्यालय के बगल में ग्राम पंचायत भवन एवं गल्ला गोदाम भी स्थापित है जहां प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आना-जाना बराबर बना रहता है। बावजूद इसके भी उनकी आंखों में अंधेपन का चश्मा चढ़ा हुआ दिखाई देता है। निश्चित ही ग्राम पंचायत में पदस्थ कर्मचारियों से लेकर प्रशासनिक अमला भी बच्चों के सुंदर भविष्य में ग्रहण बना हुआ है। ग्रामीणों द्वारा प्राइड इंडिया न्यूज़ एवं प्राइड कदम हिंदी समाचार पत्र के माध्यम से प्रशासन से पानी की व्यवस्था सहित सभी समस्याओं को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की गई है। प्रस्तुत है हमारे नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा की पूरी रिपोर्ट…..।