रीवा में भरी दोपहरी कपड़े की दुकान में लगी आग, लपटें देख मची भगदड़

0 361

प्राईड इंडिया न्यूज़ संवाददाता सूरज केवट की खास रिपोर्ट
रीवा/ मध्य प्रदेश
रीवा में रविवार दोपहर अचानक कपड़े की दुकान में लगी आग. आस-पास की कई दुकानें भी चपेट में आ गई.

शहर में स्थित एक कपड़े की दुकान में रविवार दोपहर में अचानक आग लग गई. इससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. आग ने जल्द ही आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर तो काबू पा लिया, लेकिन अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया. आगजनी कैसे हुई पुलिस इसकी जांच कर रही है.

आग की चपेट में आई कई दुकानें
घटना शहर के अमहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरमौर चौराहे पर स्थित फ्लाईओवर के पास की है. जहां रविवार की दोपहर एक किड्स कपड़ों की दुकान में अचानक आग लग गई. आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते उसने बगल के कपड़े की दुकान सहित अन्य दुकानों को भी अपनी जद में ले लिया. स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक दुकान जलकर खाक हो गई.

शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट का मामला
घटनास्थल पर मौजूद सीएसपी ऋतु उपाध्याय ने बताया “सिरमौर चौराहे पर स्थित कपड़ों की दुकानों में आग लगी थी. सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड के टीम घटना स्थल पहुंची. टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया. शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट है. फिलहाल जांच करने के बाद ही सही कारणों का पता लगाया जा सकेगा.” घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है. दुकान संचालकों का कितने का नुकसान हुआ है, इसका पता आकलन के बाद ही चल सकेगा.

प्राइड कदम हिंदी समाचार एवं प्राइड इंडिया न्यूज़ (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment