जमशेदपुर पूर्वी से भाजपा ने पूर्णिमा दास को बनाया प्रत्यासी, वरीय नेताओं एवं अभिभावकों से आशीर्वाद लेकर चुनावी तैयारियों का किया शुभारंभ

जमशेदपुर। झारखंड में विधानसभा चुनाव का शंखनाद हो चुका है और चुनावी मैदान में प्रत्याशियों की घोषणा के बाद तैयारियाँ जोर-शोर से चल रही है। भाजपा ने जमशेदपुर पुर्वी, पोटका समेत झारखंड के 66 विधानसभा सीट पर अपने प्रत्याशी की घोषणा की है। इधर जमशेदपुर महानगर अंतर्गत पुर्वी विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री एवं ओड़ीसा के राज्यपाल रघुवर दास के पुत्रवधु और ललित दास की धर्म पत्नी पूर्णिमा दास को टिकट दिया गया है । भाजपा पार्टी द्वारा आधिकारिक घोषणा के दूसरे दिन ही पूर्णिमा दास ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी चुनावी तैयारियों का शुभारंभ कर दिया है। रविवार को श्रीमती दास ने जमशेदपुर महानगर के कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं के घर जाकर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रामबाबू तिवारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव, वरिष्ठ नेता खेमलाल चौधरी, अचिंतम दास, लालचंद सिंह समेत अन्य प्रमुख नेताओं से उनके घर पर मुलाकात की। इन मुलाकातों में वरिष्ठ नेताओं व पार्टी के अभिभावकों ने न केवल उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, बल्कि उन्हें जीत का आशीर्वाद देकर विधानसभा चुनाव में बड़ी विजयीश्री की शुभकामनाएँ व्यक्त की। विशेष रूप से, अभय सिंह की माताजी ने उन्हें शगुन भेंटकर आशीर्वाद प्रदान किया, जिसे पूर्णिमा ने बहुत ही भावुकतापूर्ण रूप से स्वीकार किया और इसे जीत की आधारशिला बताई। यह क्षण भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान पूर्णिमा दास के संग उनके पति ललित दास के अलावा पुर्वी विधानसभा क्षेत्र के कई प्रमुख नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।