स्कूल से आते-जाते समय नाबालिक के साथ छेडछाड एवं अश्लील शब्द बोलने वाले आरोपी को 01 वर्ष का सश्रम कारावास व जुर्माने से दण्डित किया

माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी जबलपुर के न्यायालय द्वारा आरोपी शनि चौधरी को थाना हनुमानताल के अपराध क्रं. 703/2016 एवं न्यायालय के प्रकरण क्रमांक 7949/2016 अंतर्गत धारा 354 भादस में 01 वर्ष का सश्रम कारावास व 500 रू अर्थदण्ड से दंडित किया।
घटना संक्षेप में इस प्रकार है कि अभियुक्त शनि लगभग दो-तीन माह से अभियोक्त्री को स्कूल आते-जाते समय उसका पीछा कर अश्लील शब्द बोलता है और छेड़खानी करता है। दिनांक 23.09.2016 को दोपहर 12ः00 बजे वह स्कूल से पढ़कर वापस अपने घर आ रही थी तो पश्चिमी करिया पाथर स्कूल के सामने अभियुक्त शनि मिला और अश्लील शब्द बोलकर बुरी नियत से उसका हाथ पकड़ लिया, जब उसने हाथ छुड़ाया तो गंदी-गंदी गाली देते हुए कहने लगा कि यदि मेरी रिपोर्ट की या किसी को कुछ बताया तो मैं तुम्हें जान से मार दूंगा। अभियोक्त्री ने घर आकर सारी बात अपने घरवालो को बताई तथा भाई व जीजा के साथ थाने जाकर रिपोर्ट की। उक्त के आधार पर थाना हनुमानताल, जबलपुर द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अपराध कमांक 703/2016 अंतर्गत धारा-354, 354क, 354घ, 294 एवं 506 भा.दं.सं. का अपराध पंजीबद्ध कर प्रकरण विवेचना में लिया गया। अभियोक्त्री एवं साक्षीगण के कथन उनके बताये अनुसार लेखबद्ध किये गये। विवेचना उपरांत अभियोग पत्र माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उप-संचालक(अभियोजन) श्री विजय कुमार उईके व जिला लोक अभियोजन अधिकारी श्री अजय कुमार जैन के मार्गदर्शन में सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी सुश्री रानी जैन द्वारा उक्त मामले में शसक्त पैरवी की गई।
सुश्री रानी जैन सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी के तर्को से सहमत होते हुये माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी जबलपुर के न्यायालय द्वारा आरोपी शनि चौधरी को थाना हनुमानताल के अपराध क्रं. 703/2016 एवं न्यायालय के प्रकरण क्रमांक 7949/2016 अंतर्गत धारा 354 भादस में 01 वर्ष का सश्रम कारावास व 500 रू अर्थदण्ड से दंडित किया।
भगवत उईके
मीडिया सेल प्रभारी/सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी जिला – जबलपुर म0प्र0