नहीं मिला बम, 15 घंटे बाद फ्लाइट ने गोवा के लिए भरी उड़ान
मास्को से गोवा आ रही फ्लाइट में बम की खबर महज अफवाह निकली। करीब 15 घंटे बाद विमान ने जामनगर से गोवा के लिए उड़ान भरी। इससे पहले बीरी रात उस समय हड़कंप मच गया जब सूचना मिली कि मास्को से गोवा जा रही रूसी एयरलाइन्स की फ्लाइट में बम है। फ्लाइट को तत्काल डायवर्ट किया गया और गुजरात के जामनगर में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। सभी यात्रियों को उतारा गया, पूरे विमान की जांच हुई, लेकिन कुछ नहीं मिला। इस बीच, भारत में रूसी दूतावास ने बयान जारी कर कहा है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘मास्को से गोवा जा रही अज़ूर एयर की फ्लाइट पर कथित बम की सूचना मिली थी। इस बारे में भारतीय अधिकारियों ने दूतावास को सतर्क किया था। विमान ने जामनगर भारतीय वायु सेना अड्डे पर एक आपातकालीन लैंडिंग की। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।’
