JioPhone Next की लांचिंग टली, जानिए क्या है वजह और कब है नई launch Date

JioPhone Next: रिलाइंस जियो का पहला स्मार्टफोन जियोफोन JioPhone Next अब 10 सितंबर की बजाय दिवाली से पहले लॉन्च किया जाएगा। Jio के एक बयान के अनुसार, बहुप्रतीक्षित किफायती स्मार्टफोन अभी अपने ट्रायल स्टेज में है और दीपावली से पहले इसके बाजार में आने की उम्मीद है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने पहले कहा था कि ‘जियोफोन नेक्स्ट’ 10 सितंबर से बाजार में उपलब्ध होगा। इस फोन को जियो और गूगल मिलकर बना रहे हैं। ताकि भारत के गरीब लोगों तक भी स्मार्टफोन पहुंच सके।
जियो ने एक बयान में कहा, “दोनों व्यवसायों ने उपभोक्ताओं के एक छोटे समूह के साथ जियोफोन नेक्स्ट का परीक्षण शुरू कर दिया है और दिवाली त्योहार के समय इसे अधिक व्यापक रूप से उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।” बयान में यह भी बताया गया कि अतिरिक्त समय मिलने से कंपनी सेमीकंडक्टर की कमी से भी बेहतर तरीके से निपट सकेगी।
जियोफोन नेक्स्ट में क्या है खास
बयान के अनुसार, यह अतिरिक्त समय “वर्तमान उद्योग-व्यापी, सेमीकंडक्टर की वैश्विक कमी को कम करने” में भी सहायता करेगा। जियो और गूगल ने घोषणा की कि उन्होंने बहुप्रतीक्षित जियोफोन नेक्स्ट को पेश करने की दिशा में “महत्वपूर्ण प्रगति” की है, जो एक भारत के लिए निर्मित स्मार्टफोन है। इसे दोनों कंपनियां मिलकर बना रही हैं। जियोफोन नेक्स्ट एक अनुकूलित एंड्रॉइड और प्ले स्टोर ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ अपनी तरह का पहला हैंडसेट है।
ये हैं खास फीचर्स
कंपनी का दावा है कि JioPhone नेक्स्ट डिवाइस और ऑपरेटिंग सिस्टम से प्रीमियम कैटेगरी में फोन से जुड़े फीचर्स जैसे वॉयस-फर्स्ट फीचर्स, बेहतरीन कैमरा एक्सपीरियंस आदि के पैक होने की उम्मीद है। यह उपयोगकर्ताओं को फोन को अपनी भाषा में नेविगेट करने, एक शानदार कैमरा अनुभव और नवीनतम एंड्रॉइड फीचर और सुरक्षा अपडेट तक पहुंच में सक्षम करेगा। जियोफोन नेक्स्ट को गूगल असिस्टेंट, किसी भी ऑन-स्क्रीन टेक्स्ट के लिए ऑटोमेटिक रीड-अलाउड और भाषा अनुवाद, भारत-केंद्रित फिल्टर के साथ एक स्मार्ट कैमरा और बहुत कुछ जैसी रोमांचक सुविधाओं के साथ बनाया गया है।
किफायती फोन की घोषणा 2जी फीचर फोन उपयोगकर्ताओं को 4जी-सक्षम डिवाइस में अपग्रेड करने का विकल्प देने के इरादे से की गई थी। मुकेश अंबानी ने गुरुवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज की 44वीं वार्षिक आम बैठक में जियोफोन नेक्स्ट की घोषणा की थी।