अमेरिका में कोरोना से हालात बेकाबू, रोज आ रहे डेढ़ लाख नए मामले, संक्रमण की चपेट में बच्चे भी

दुनिया में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित अमेरिका में शनिवार सुबह तक संक्रमित लोगों का कुल आंकड़ा तीन करोड़ 98 लाख 48 हजार से ज्यादा हो गया। अब तक कुल छह लाख 47 हजार 573 पीड़ितों की मौत हुई है। अमेरिका में इस बार कोरोना के डेल्टा वैरिएंट के कारण संक्रमण बढ़ रहा है। इस वैरिएंट से बच्चे भी प्रभावित हो रहे हैं। बीते एक हफ्ते में बच्चों के मामले भी दो लाख से ज्यादा बढ़ गए। सीडीसी की रिपोर्ट अनुसार, डेल्टा के चलते अस्पतालों में कोरोना पीड़ित बच्चों की संख्या भी बढ़ गई है। पिछले हफ्ते करीब दो लाख चार हजार बच्चे संक्रमित पाए गए। अमेरिकी स्वास्थ्य एजेंसी सेंटर्स फार डिजीज कंट्रोल एंडी प्रीवेंशन (सीडीसी) की रिपोर्ट के अनुसार, बीते एक हफ्ते में रोजाना औसतन एक लाख 53 हजार 246 नए मामले पाए गए। कोरोना महामारी की दो लहरों का सामना करने वाले अमेरिका में इस घातक वायरस का कहर फिर तेज गति से बढ़ रहा है। नतीजतन दैनिक मामले डेढ़ लाख के पार पहुंच गए हैं। इससे पहले वाले सप्ताह के मुकाबले 4.9 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि देश में गत सप्ताह रोजाना औसतन 1,047 पीड़ितों की मौत हुई। जबकि इस दौरान हर रोज औसतन 12 हजार 156 पीड़ितों को अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा।