गुजरात के राजकोट में लंबे समय के बाद आयकर विभाग ने बड़े पैमाने पर की है छापेमारी

अहमदाबाद । गुजरात के राजकोट में लंबे समय बाद आयकर विभाग ने बड़े पैमाने पर छापेमारी की है।आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने राजकोट के बिल्डर आरके ग्रुप के मालिक सर्वानंद सोनवानी तथा उनके कई भागीदारों के आवास व दफ्तरों पर छापेमारी की है। इस छापेमारी में आयकर विभाग के हाथ बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज हाथ लगे हैं। आयकर विभाग पिछले कुछ दिनों से राजकोट की बिल्डर लोबी पर निगरानी बनाए हुए था। सुनवानी के सिल्वर हाइट्स स्थित आवास पर तथा नान मावा स्थित दफ्तर पर छापेमारी की। उनके अलावा जगन्नाथ मार्बलवाला, प्रफुल्ल गंग देव, हरि सिंह सुचरिया तथा आरके ग्रुप के 2 बड़े ठेकेदारों के कार्यालय पर भी छापे मारे गए।
बिल्डर आशीष टांक, रमेश पंचाल के रिंग रोड पर चल रहे 8 प्रोजेक्ट भी आयकर विभाग के लपेटे में आ गए हैं। आयकर विभाग की अलग-अलग टीमों ने आरके ग्रुप व उनके भागीदारों के आवास तथा कार्यालयों से बेनामी संपत्ति तथा अवैध लेनदेन के कई दस्तावेज बरामद किए हैं। राजकोट में लंबे समय बाद आयकर विभाग हरकत में आया है जिसके चलते भवन निर्माता तथा बिल्डर लॉबी में हलचल मची हुई है।