Gujarat: वडोदरा में सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ा

अहमदाबाद । गुजरात में वडोदरा के करजण में गत दिनों एक 38 वर्षीय महिला की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। भाजपा नेता अल्पेश ठाकोर ने अपनी ही पार्टी के स्थानीय विधायक व राज्य सरकार पर सवाल उठाए तो सरकार ने पीड़िता के तीन बच्चों को 27 लाख के मुआवजे की घोषणा की। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों की धरपकड़ कर ली है। गुजरात के करजण इलाके में गत 16 अगस्त को छह युवकों ने एक विधवा से सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में छह स्थानीय आरोपितों की धरपकड़ कर ली, लेकिन इस घटना के बाद इस क्षेत्र से विधायक अक्षय पटेल पीड़ितों को सांत्वना देने नहीं पहुंचे तो भाजपा नेता व ओबीसी एकता मंच के संस्थापक अल्पेश ठाकोर ने उनको आड़े हाथ लिया।
अल्पेश ने भाजपा विधायक ने कहा कि अगर इस तरह की विपदा में वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े नहीं हो सकते हैं तो क्या वे उनके समाज के समक्ष केवल वोट मांगने के लिए आएंगे। दरअसल, घटना के बाद दो दिनों तक विधायक अक्षय पटेल उसी इलाके में कार्यकर्ता सम्मेलन व अन्य समारोह करते रहे, लेकिन पीड़ित परिवार से मिलने तक नहीं गए। अल्पेश ने इसी बात को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सरकार को इस पीड़ित परिवार की मदद के लिए आगे आना चाहिए। साथ ही, सामूहिक दुष्कर्म में शामिल आरोपितों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द फांसी की सजा दिलानी चाहिए। अल्पेश के बदले हुए तेवर देख भाजपा विधायक पटेल ने खेद जताने के साथ खुद का बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन जब अल्पेश ने राज्य सरकार की संवेदना पर भी सवाल उठा दिए तो आनन-फानन में सरकार ने पीड़िता के तीन बच्चों के लिए 27 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की।