जोगदह सोन पुल मोड़ पर ऑटो और वन विभाग के कैंपर में भीषण भिड़ंत, चार घायल

0 2,165

टक्कर में ऑटो के उड़े परखच्चे, बिना नंबर प्लेट के संचालन और नाबालिग के हाथ में स्टेयरिंग होने की चर्चा; वन विभाग के कर्मचारियों के रवैये पर भी उठे सवाल

 

सीधी। जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगदह सोन पुल मोड़ पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे ऑटो और वन विभाग के कैंपर वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल सीधी रेफर किए जाने की सूचना है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी कैंपर वाहन से सीधी से सोन घड़ियाल क्षेत्र की ओर ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान अमिलिया से बहरी की तरफ जा रहे ऑटो से जोगदह सोन पुल मोड़ के पास उनकी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अमिलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

 

हादसे के बाद वन विभाग के कर्मचारियों के रवैये पर सवाल

 

दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मचारियों से जब मीडिया ने घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, तो आरोप है कि कर्मचारी हंसने लगे और कथित तौर पर बोले कि “सो नहीं रहे थे।” हादसे में चार लोगों के घायल होने की खबर के बीच कर्मचारियों का यह रवैया चर्चा का विषय बन गया है। सवाल उठता है कि सरकारी वाहन से जुड़ी दुर्घटना में विभागीय कर्मचारियों की जिम्मेदारी और जवाबदेही क्या है?

 

बिना नंबर प्लेट का ऑटो, नाबालिग के हाथ में थी स्टेयरिंग?

 

इस दुर्घटना के बाद ऑटो की नंबर प्लेट को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सामने आई जानकारी और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तस्वीरों में नंबर प्लेट स्पष्ट दिखाई नहीं देने की बात कही जा रही है। वहीं सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि हादसे के समय ऑटो कथित तौर पर एक नाबालिग चला रहा था। हालांकि इन दोनों तथ्यों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

पुलिस और प्रशासन से उठे ये सवाल

 

– दुर्घटनाग्रस्त ऑटो का मालिक कौन है और क्या उसका वैध पंजीयन है?

– ऑटो पर नंबर प्लेट क्यों दिखाई नहीं दे रही थी?

– क्या हादसे के समय ऑटो नाबालिग चला रहा था?

– वन विभाग के कैंपर वाहन को कौन चला रहा था?

– दुर्घटना के समय दोनों वाहनों की गति कितनी थी?

– क्या दोनों वाहनों के दस्तावेज, बीमा और चालकों के लाइसेंस की जांच की जा रही है?

– घायलों के उपचार और उनकी स्थिति को लेकर वन विभाग की क्या जिम्मेदारी है?

 

फिलहाल अमिलिया थाना पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है। जरूरत है कि पुलिस दोनों वाहनों की भूमिका, चालकों की पहचान, वाहन दस्तावेजों और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच करे। यदि नाबालिग द्वारा वाहन चलाने अथवा बिना वैध पंजीयन वाहन संचालन की पुष्टि होती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

 

बड़ा सवाल यह है कि आखिर सड़क पर यातायात नियमों की अनदेखी किसकी शह पर हो रही है? हादसे में घायल हुए लोगों को न्याय और जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी?

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment