जमोड़ी पुलिस की कार्रवाई, 10.05 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार

रीवा से खरीदकर सीधी में करता था मादक पदार्थ की बिक्री, ₹50 हजार की ब्राउन शुगर सहित आईफोन और ₹1.30 लाख की बाइक जब्त
सीधी। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए जमोड़ी पुलिस ने एक युवक को 10.05 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत का मादक पदार्थ, आईफोन 12 प्रो मोबाइल और तस्करी में प्रयुक्त लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय राघवेंद्र द्विवेदी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक MP53 ZE 9892 से बाईपास रोड पर ब्राउन शुगर बिक्री के लिए लेकर खड़ा है। सूचना पर जमोड़ी पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 10.05 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित लखेरा पिता कृष्णपाल लखेरा, उम्र 25 वर्ष, निवासी सर्वोदय चौराहा, थाना कोतवाली, जिला सीधी के रूप में हुई है।
व्हाट्सऐप के जरिए रीवा से खरीदता था ब्राउन शुगर
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रीवा निवासी आशुतोष से व्हाट्सऐप के माध्यम से ब्राउन शुगर खरीदता था और उसे सीधी लाकर बिक्री करता था। आरोपी के कथन के अनुसार, वह करीब डेढ़ वर्ष से इस अवैध गतिविधि में संलिप्त था। पुलिस अब रीवा निवासी आशुतोष की भूमिका और मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत की जांच कर रही है।
आरोपी के विरुद्ध थाना जमोड़ी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 एवं 22 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जमोड़ी उपनिरीक्षक केदार परौहा, सहायक उपनिरीक्षक रजनीश सिंह, प्रधान आरक्षक आजाद खान, आरक्षक नीरज परासर, आरक्षक अंकित सिंह एवं वाहन चालक सुभाष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।