जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद: विद्यार्थियों ने किया थाना कोतवाली का भ्रमण, पुलिस की कार्यप्रणाली को जाना

नागरिक अधिकारों, कानूनों और अपराध नियंत्रण की प्रक्रिया से रूबरू हुए प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के विद्यार्थी

0 2,429

 

सीधी, 28 अक्टूबर 2026। पुलिस विभाग एवं उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ कार्यशाला के अंतर्गत प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, सीधी के विद्यार्थियों को थाना कोतवाली का भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका की जानकारी प्राप्त की।

 

पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी एवं उपनिरीक्षक तरुण बेड़िया ने विद्यार्थियों को थाने में होने वाले विभिन्न कार्यों और पुलिस की जिम्मेदारियों से अवगत कराया।

 

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, अपराधों की रोकथाम, अपराध नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों और विभिन्न कानूनों के बारे में भी विस्तारपूर्वक समझाया गया।

 

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अपराधों पर नियंत्रण रखना और कानून का पालन कराना पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है। किसी भी समस्या या आपराधिक घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचित करना तथा कानून का पालन करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

 

इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पुलिस व्यवस्था से परिचित कराना, कानून एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा पुलिस और युवाओं के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करना है। इस भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ पुलिस की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला।

 

सीधी पुलिस द्वारा युवाओं को कानून, सुरक्षा और नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के लिए ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि युवा जिम्मेदार नागरिक बनकर सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभा सकें।

 

सीधी पुलिस — आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment