छुहिया घाटी कांड में बड़ा खुलासा! ₹30 हजार का इनामी तीसरा आरोपी गिरफ्तार, भागते-भागते गिरा तो पुलिस ने दबोचा

0 2,774

 

₹30 हजार का इनामी तीसरा आरोपी संजय पटेल गिरफ्तार, भागते समय मोटरसाइकिल से पीछा कर पुलिस ने दबोचा

उड़ीसा पुलिस दल पर हमले और बंदी को छुड़ाने के मामले में सीधी पुलिस की कार्रवाई, एमपी-यूपी सीमा के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी

 

सीधी, 17 अक्टूबर 2026। छुहिया घाटी में उड़ीसा पुलिस दल पर हमला कर पुलिस अभिरक्षा से बंदी आदित्य मिश्रा को छुड़ाकर ले जाने के चर्चित मामले में सीधी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹30 हजार के इनामी फरार आरोपी संजय पटेल (30 वर्ष), निवासी कुइयाँ कला, थाना मनगवां, जिला रीवा को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में यह तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी है।

घेराबंदी देख भागने लगा आरोपी, पुलिस ने पीछा कर पकड़ा

पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की तलाश में जुटी टीम को मुखबिर सूचना और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा के पास उसकी मौजूदगी का पता चला। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी मोटरसाइकिल से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पूछताछ में सामने आई भूमिका, साक्ष्यों का परीक्षण जारी

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने छुहिया घाटी में उड़ीसा पुलिस दल पर हमले और बंदी को छुड़ाकर ले जाने की घटना में अपनी भूमिका के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस उसके कथनों का उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर परीक्षण कर रही है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयासरत हैं।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के नेतृत्व में सीधी एवं रीवा पुलिस के समन्वित प्रयासों से की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी रामपुर नैकिन निरीक्षक सुधांशु तिवारी, उपनिरीक्षक शेषमणि मिश्रा, प्रधान आरक्षक प्रसन्न मिश्रा एवं धीरेन्द्र सिंह, आरक्षक लक्ष्मीकांत पाण्डेय, सचिन साहू एवं विवेक द्विवेदी, नायक शशिशेखर उपाध्याय तथा साइबर सेल के कृष्ण मुरारी दुबे का योगदान रहा।

प्रकरण विवरण: थाना रामपुर नैकिन, अपराध क्रमांक 1000/2026। भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत मामला दर्ज है।

रिपोर्ट: शाहिद खान | प्राइड इंडिया न्यूज़, सीधी (मध्य प्रदेश)

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment