अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस 2026 के अवसर पर सीधी वृद्धाश्रम में आयोजित हुआ भव्य सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम

0 2,086

रिपोर्ट- नेशनल ब्यूरो चीफ राकेश शर्मा

 

सीधी-“माय भारत” सेवा पखवाड़ा अभियान 2026 के निर्देशों के परिपालन में, जिला युवा अधिकारी सुश्री गरिमा जैन जी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में 2 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के पावन अवसर पर सीधी के वृद्धाश्रम में एक प्रेरणादायक एवं गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों के प्रति सम्मान व्यक्त करना, उनके जीवन अनुभवों से सीखना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जोड़ना था।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीधी के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी (A-CEO) धनंजय तिवारी , जिला युवा अधिकारी सुश्री गरिमा जैन, वृद्धाश्रम के संचालक शिवमणि तिवारी, ब्रह्माकुमारी संस्थान से आदरणीया रेखा दीदी तथा माय भारत की सलाहकार समिति के सदस्य , कौशलेन्द्र चौहान के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

 

मुख्य अतिथि धनंजय तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि वृद्धजन हमारे समाज की अमूल्य थाती और जीवंत पुस्तकालय हैं। उनके द्वारा दिए गए संस्कार और अनुभव ही हमारी युवा पीढ़ी को सही दिशा दिखाने का कार्य करते हैं।

जिला युवा अधिकारी सुश्री गरिमा जैन ने कहा कि युवा शक्ति और बुजुर्गों के अनुभव का यह अनूठा संगम समाज में सकारात्मक बदलाव की नींव रखता है। उन्होंने माय भारत स्वयंसेवकों को बुजुर्गों की सेवा और उनके प्रति दायित्वों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प दिलाया। ब्रह्माकुमारी रेखा दीदी ने आध्यात्मिक विचारों से सभी को लाभान्वित करते हुए वृद्धजनों के चेहरे पर मुस्कान लाने को सबसे बड़ा पुण्य बताया।

 

कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम परिसर में विभिन्न आकर्षक गतिविधियों का आयोजन किया गया,वृद्धजनों के साथ संगोष्ठी एवं संवाद जिससे युवा पीढ़ी को जीवन के मूल्य सीखने को मिले।युवाओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य एवं गीतों ने वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी बिखेर दी और पूरा माहौल आत्मीयता से भर गया। ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ के संकल्प को दोहराते हुए वृद्धाश्रम परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम के अंत में आश्रम बुजुर्गों को शाल एवं उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया गया।

 

इस सफल आयोजन को जमीन पर उतारने और रूपरेखा तैयार करने में एनवाईवी (NYV) संजय गौतम, श्री महेंद्र मिश्रा एवं संजीव की समन्वय भूमिका और सक्रिय सहभागिता विशेष रूप से सराहनीय रही, जिनके प्रयासों से यह कार्यक्रम पूरी तरह सफल रहा।

इस अवसर पर उपस्थित सभी युवाओं, स्वयंसेवकों और गणमान्य नागरिकों ने वृद्धजनों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की तथा समाज में बुजुर्गों को पूरा मान-सम्मान देने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम ने सेवा, समर्पण और बुजुर्गों के प्रति आदर भाव की एक अनूठी मिसाल पेश की।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment