मुआवजा खाते में पहुंचा, बैंक ने लगाया होल्ड; राशि निकालने एसडीएम से लगाई गुहार

0 104

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

शहपुरा। ग्राम छपरा निवासी एक हितग्राही के खाते में मुआवजा राशि जमा होने के बाद बैंक द्वारा खाते पर होल्ड लगाए जाने का मामला सामने आया है। राशि निकालने में असमर्थ हितग्राही ने अब एसडीएम शहपुरा से शिकायत कर खाते से होल्ड हटवाने की मांग की है।

 

ग्राम छपरा निवासी बुद्धी बाई पति मंगला सिंह ने अपने आवेदन में बताया कि उनकी भूमि राधवपुर-मरवारी बांध की डूब क्षेत्र में आने के कारण शासन द्वारा मुआवजा राशि उनके बैंक खाते में जमा की गई थी। मुआवजा राशि प्राप्त होने के बाद जब वह राशि निकालने के लिए एसबीआई शहपुरा पहुंचीं, तो बैंक द्वारा बताया गया कि उनके खाते पर होल्ड लगा हुआ है।

 

हितग्राही का कहना है कि बैंक कर्मियों द्वारा उन्हें जानकारी दी गई कि खाते पर लगा होल्ड एसडीएम कार्यालय के माध्यम से ही हटाया जा सकता है। इसके बाद बुद्धी बाई ने 15 सितंबर 2026 को एसडीएम शहपुरा के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर खाते से होल्ड हटवाने और मुआवजा राशि निकालने की अनुमति दिलाने का अनुरोध किया है।

 

अब हितग्राही को उम्मीद है कि प्रशासन मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे वह शासन से प्राप्त मुआवजा राशि का उपयोग कर सकें।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment