मोदी जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को समर्पित : गणेश सिंह
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 71 हजार से अधिक बूथों तक पहुंचेगी भाजपा

सीधी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सतना संसदीय क्षेत्र के सांसद गणेश सिंह ने प्रदेश प्रतिनिधि के रूप में सोमवार को स्थानीय सर्किट हाउस सीधी में भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। पत्रकार वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश एवं जिले में आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की जानकारी दी गई।
सांसद गणेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहे हैं। उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। प्रधानमंत्री ने अपने कार्यों से वैश्विक स्तर पर भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है। उनके लिए सेवा केवल संकल्प नहीं, बल्कि जीवन का ध्येय है।
उन्होंने कहा कि सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के संकल्प के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा से जन-जन को परिचित कराने तथा सेवा के संस्कार को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। यह केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, सुशासन और जनभागीदारी का व्यापक अभियान है।
12 प्रमुख कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचेगी भाजपा
सांसद गणेश सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, सेवा कार्य, प्रदर्शनियां, संवाद एवं जनसंपर्क सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अलग-अलग 12 कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश के 71 हजार से अधिक बूथों पर भाजपा कार्यकर्ता पहुंचेंगे और लाभार्थियों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग को अभियान से जोड़ेंगे। 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रदेश के लाभार्थियों के घरों में दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 25 वर्षों तक लगातार जनता का आशीर्वाद प्राप्त करना लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और समर्पण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना ही अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर विकसित एवं आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा।
सांसद ने गिनाए केंद्र सरकार के जनकल्याणकारी कार्य
सांसद गणेश सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया गया, 4.5 करोड़ से अधिक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराया गया तथा 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराया गया। उन्होंने कोविड काल में 200 करोड़ से अधिक निःशुल्क टीके लगाए जाने और बड़ी संख्या में नागरिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की बात कही।
उन्होंने कहा कि 80 करोड़ नागरिकों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा भारत को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से नीति-निर्धारण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले 37 अंतरराष्ट्रीय सम्मान को उन्होंने 140 करोड़ देशवासियों के सामर्थ्य का प्रतीक बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताई अभियान की रूपरेखा
इसके पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने पत्रकारों का अभिनंदन करते हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ की योजना, रूपरेखा एवं जिले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।
पत्रकार वार्ता का संचालन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष डॉ. मनीला सिंह चौहान ने किया।
इस अवसर पर विन्ध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष सुभाष सिंह, कार्यक्रम संयोजक डॉ. देवेंद्र त्रिपाठी, जनपद उपाध्यक्ष इंजीनियर सुमन सिंह पटेल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता, राकेश मौर्य, निशांत मिश्रा, मोतीलाल पटेल, अभय सिंह चौहान सहित प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं वेब मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।