रोड नहीं बनने पर ग्रामीणों ने चारपहिया वाहनों की आवाजाही पर लगाई रोक

0 48

बारिश में दलदल बनी सड़क,

समनापुर के गंगू टोला मार्ग का मामला

 

चार साल बाद भी समस्या जस की तस, 2021 में भी ग्रामीण कर चुके हैं चक्काजाम

 

रिपोर्टर -सोहन श्याम

 

डिंडौरी-समनापुर जनपद मुख्यालय से गंगू टोला तक करीब 2 किलोमीटर लंबी सड़क की बदहाली से ग्रामीण परेशान हैं। बारिश के कारण मार्ग पर जगह-जगह कीचड़ और गड्ढे हो गए हैं। सड़क दलदल में तब्दील होने से आवागमन मुश्किल हो गया है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अब सड़क पर ‘प्रतिबंधित क्षेत्र’ का बोर्ड लगाकर चारपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की चेतावनी दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश में सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। वहीं वाहनों के लगातार आवागमन से सड़क की स्थिति और खराब हो रही है। गर्मी के दिनों में इसी मार्ग पर धूल उड़ने से भी ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

 

पंचायत डालती है मुरुम, बारिश में बन जाती है कीचड़

 

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत की ओर से कभी-कभार सड़क पर मुरुम डालकर खानापूर्ति कर दी जाती है, लेकिन बारिश होते ही यही मुरुम कीचड़ का रूप धारण कर लेती है। इससे सड़क की स्थिति सुधारने के बजाय आवागमन और मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि अस्थायी रूप से मुरुम डालने के बजाय अब पक्की सड़क का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।

 

अनेक बार खटखटा चुके हैं अधिकारियों का दरवाजा

 

सड़क की समस्या को लेकर गंगू टोला निवासी अनेकों बार ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और कलेक्टर कार्यालय तक शिकायत एवं मांग लेकर पहुंच चुके हैं, लेकिन हर बार आश्वासन के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग करने के बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

 

2015 में 14 लाख की लागत से बनी थी सड़क

 

समनापुर जनपद मुख्यालय से गंगू टोला तक करीब 2 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण वर्ष 2015 में लगभग 14 लाख रुपये की लागत से कराया गया था। इसमें मुरुम-मिट्टी डाली गई थी, लेकिन वर्तमान में सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है।

 

PMGSY-IV में प्रस्तावित, प्राथमिकता क्रम में 10वें नंबर पर

समनापुर से गंगू टोला मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) के तहत प्रस्तावित किया गया है। उपलब्ध सूची के अनुसार यह मार्ग प्राथमिकता क्रम में 10वें नंबर पर है। मार्ग की लंबाई करीब 2 किलोमीटर दर्ज है और गंगू टोला को वर्तमान में ‘अनकनेक्टेड’ दर्शाया गया है।

 

2021 में भी किया था चक्काजाम

 

गंगू टोला के ग्रामीण सड़क की समस्या को लेकर वर्ष 2021 में भी चक्काजाम कर चुके हैं। उस समय ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी थी।

ग्रामीणों का कहना है कि 2021 के आंदोलन के बाद भी सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

 

पक्की सड़क की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि प्रस्तावित सड़क के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर गंगू टोला तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment