किताबें विद्यार्थियों से वाहन में लोड कराने का मामला
चुवाही स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार वर्मा निलंबित

सीधी, 1 सितंबर 2026।
शासकीय माध्यमिक विद्यालय चुवाही में विद्यालय की पुस्तकों को विद्यार्थियों के माध्यम से वाहन में लोड कराने के मामले में कलेक्टर विकास मिश्रा ने प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुस्तकों को वाहन में लोड कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन द्वारा मामले की जांच कराई गई थी।
जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रभारी प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के जवाब को असंतोषजनक पाए जाने के बाद कलेक्टर ने निलंबन की कार्रवाई की।
जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि बिना सक्षम अनुमति एवं भौतिक सत्यापन के विद्यालय की उपयोगी एवं अनुपयोगी पुस्तकों को वाहन में लोड कराना कदाचरण की श्रेणी में आता है। मामले में प्रथम दृष्टया लापरवाही एवं नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गई।
मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत मनोज कुमार वर्मा को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, मझौली निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
प्रशासन की कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में भी जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्यों और विद्यालयीन सामग्री के प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।