सावन के अंतिम सोमवार को मरवारी के ग्रामीणों ने नर्मदा तट से निकाली कांवड़ यात्रा, भोलेनाथ का किया जलाभिषेक

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)
शहपुरा। सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर शहपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मरवारी में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। ग्राम के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के कन्हैया संगम, मालपुर से पवित्र जल भरकर भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। डीजे की धुन और बोल बम, हर-हर महादेव के जयघोष के साथ श्रद्धालु नंगे पैर पैदल यात्रा करते हुए मरवारी गांव पहुंचे।
कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष और युवा श्रद्धालु शामिल हुए। कांवड़ियों में भगवान भोलेनाथ के प्रति गहरी आस्था और उत्साह दिखाई दिया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए तथा भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
गांव पहुंचने के बाद कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का मां नर्मदा के पवित्र जल से विधि-विधानपूर्वक जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली, अच्छी बारिश और सभी के मंगल की कामना की।
ग्रामीणों ने बताया कि सावन के अंतिम सोमवार पर कांवड़ यात्रा निकालकर भगवान शिव का जलाभिषेक करना उनके लिए आस्था और परंपरा से जुड़ा हुआ है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक कांवड़ यात्रा में भाग लिया।
कांवड़ यात्रा में बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। श्रद्धालुओं की आस्था, अनुशासन और उत्साह ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया। यात्रा के दौरान ग्रामीणों ने आपसी भाईचारे, धार्मिक एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।