अधूरी नाली से वार्डवासी परेशान, सड़क पर कीचड़ और बोल्डर से बढ़ा हादसे का खतरा

0 100

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

शहपुरा। नगर परिषद शहपुरा के वार्ड क्रमांक-1 में अधूरा पड़ा नाली निर्माण स्थानीय रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। नाली निर्माण के दौरान निकाली गई मिट्टी और बोल्डर सड़क पर पड़े होने से बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन गई है। रहवासियों ने अधूरे निर्माण को पूरा कराने के साथ सड़क पर पड़ी मिट्टी हटाने की मांग की है।

 

वार्डवासियों का आरोप है कि संबंधित ठेकेदार शिव शक्ति कंस्ट्रक्शन का नाली निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है, इसके बावजूद लंबित बिल के भुगतान और सिक्योरिटी राशि लौटाने की प्रक्रिया किए जाने की चर्चा है। रहवासियों ने मांग की है कि कार्य पूर्ण होने और गुणवत्ता की जांच के बाद ही ठेकेदार का भुगतान किया जाए।

 

सड़क पर मिट्टी और बोल्डर से आवागमन प्रभावित

 

नाली निर्माण के लिए की गई खुदाई से निकली मिट्टी को सड़क पर ही छोड़ दिया गया है। बारिश होने के बाद यही मिट्टी पानी के साथ मिलकर कीचड़ में बदल गई है। सड़क पर पड़े बोल्डर और फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालकों तथा राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों के मुताबिक फिसलन के चलते कई लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क से मिट्टी हटाने के लिए संबंधित जिम्मेदारों को शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है। इससे रोजाना आने-जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

 

काम पूरा होने तक भुगतान रोकने की मांग

 

वार्डवासियों ने नाली निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक नाली का निर्माण पूरी तरह पूरा नहीं हो जाता, तब तक संबंधित ठेकेदार के लंबित भुगतान पर रोक लगाई जानी चाहिए। साथ ही निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों का पालन हुआ है या नहीं, इसकी भी जांच की जाए।

 

सब इंजीनियर ने कहा- अधूरा काम पूरा कराया जाएगा

 

मामले को लेकर नगर परिषद शहपुरा की सब इंजीनियर रितिका मेरावी ने कहा, “मैंने ठेकेदार से अधूरा काम पूर्ण करने को कहा है और कार्य पूर्ण करवाया भी जाएगा। जहां तक कंक्रीट सड़क पर पड़ी मिट्टी के कीचड़ में तब्दील होने की बात है, उसे जल्द हटाया जाएगा।”

 

अब देखना होगा कि नगर परिषद द्वारा अधूरे नाली निर्माण को कब तक पूरा कराया जाता है और सड़क पर फैली मिट्टी एवं बोल्डर को हटाकर वार्डवासियों को राहत कब मिलती है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment