जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

डिंडौरी : 18 अगस्त,2026
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की जांच कर समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, डिप्टी कलेक्टर श्री वैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में करंजिया विकासखंड के ग्राम पंचायत गोपालपुर के ग्राम भंगाटोला, ग्राम पंचायत खारीडीह के उफरी माल के ग्रामीणों ने विगत दो वर्षों से नल जल योजना बंद पडा होने की शिकायत प्रस्तुत करते हुए नल जल योजना को सुचारू रूप से शुरू कराने की मांग की। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग को प्रकरण का निरीक्षण कर नियमानुसार समाधान के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पंचायत चकमी के ग्रामीणों ने सोनतीरथ नदी में पुलिया क्षतिग्रस्त और नल जल योजना के अन्तर्गत पाईप लाइन अधूरा होने की शिकायत रखी, जिस पर सीईओ जनपद पंचायत करंजिया को जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। नगर परिषद डिण्डौरी में कौशिल्या चौहान सफाई कर्मी की पद से सेवानिवृत होने के बाद आज दिनांक 18 अगस्त 2026 तक पेंशन नही मिलने की समस्या बताई। कलेक्टर ने सीएमओ डिण्डौरी को प्रकरण की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए।
विकासखंड समनापुर के ग्राम पंचायत खाम्हा के आवेदक श्री हरिराम पिता श्री सुखदेव ने अपनी स्व. श्रीमती सरस्वती बाई की संबल 2.0 योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत कराने की मांग की। कलेक्टर ने सीईओ जनपद पंचायत समनापुर को संबंधित दस्तावेज की जांचकर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारी प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण करते हुए आवेदकों को राहत प्रदान करें।
जनसुनवाई में हुआ स्वास्थय परीक्षण
जनसुनवाई के दौरान कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वास्थय विभाग द्वारा स्वास्थय शिविर भी आयोजित किया गया। इसके उपरांत जनसुनवाई में उपस्थित आवेदकों का रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य आवश्यक स्वास्थय परीक्षण किया गया। स्वास्थय विभाग की टीम द्वारा जांच के साथ आवश्यक परामर्श एवं स्वास्थय संबंधी जानकारी भी प्रदान की गई।