संजय टाइगर रिजर्व में चीतल के अवैध शिकार का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

मांस और भरमार बंदूक बरामद, वन विभाग की कार्रवाई से शिकारियों में हड़कंप

0 254

 

सीधी। संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में चीतल के अवैध शिकार के मामले का वन विभाग ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से चीतल का मांस और भरमार बंदूक बरामद की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश वन विभाग की टीम द्वारा की जा रही है।

 

वन विभाग के अनुसार 13 अगस्त 2026 को संजय टाइगर रिजर्व के वस्तुआ परिक्षेत्र अंतर्गत कंचनपुर बीट स्थित कक्ष क्रमांक RF-209 में चीतल के अवैध शिकार की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर उप संचालक राजेश कन्ना के मार्गदर्शन एवं सहायक संचालक मझौली हृदय लाल सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने ग्राम कंचनपुर में दबिश दी।

 

घर से बरामद हुआ चीतल का मांस और बंदूक

 

दबिश के दौरान लालबहादुर पिता राधे बेगा, उम्र 47 वर्ष, के घर से करीब एक से दो किलो पका हुआ चीतल का मांस बरामद किया गया। इसके अलावा करीब 14 से 15 किलो चीतल का कच्चा मांस और एक भरमार बंदूक भी बरामद हुई।

 

वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की। आरोपी को 14 अगस्त को न्यायालय मझौली में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।

 

दो अन्य आरोपी भी गिरफ्तार

 

मामले की जांच के दौरान संलिप्त राजेश पिता सुखसेन प्रजापति, उम्र 33 वर्ष और बब्बू पिता बाबूलाल बेगा, उम्र 33 वर्ष को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

 

वन विभाग के मुताबिक मामले में फरार आरोपी अरुण पिता शोभमणी गुप्ता और विकास गुप्ता, निवासी कंचनपुर की तलाश जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वन विभाग की टीम लगातार दबिश दे रही है।

 

डॉग स्क्वॉड ने भी निभाई अहम भूमिका

 

कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम के साथ डॉग स्क्वॉड ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए लगातार गश्त की जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रकरण की जांच अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment