अमिलिया में शॉर्ट सर्किट से घर में आग, आदिवासी परिवार का गृहस्थी का सामान जलकर खाक

0 143

आग से चारपाई, पंखा, कूलर, कपड़े, खाद्य सामग्री समेत जरूरी दस्तावेज और करीब दो से तीन हजार रुपये की नकदी जली; घटना के समय घर में नहीं था परिवार का कोई सदस्य

सीधी। जिले के अमिलिया थाना क्षेत्र के कड़ियार ग्राम पंचायत के टीकर रजता गांव में रविवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण एक आदिवासी परिवार के घर में आग लग गई। हादसे में गृहस्थी का लगभग पूरा सामान जलकर खाक हो गया। आग की चपेट में आने से जरूरी दस्तावेज, अंकसूची, घरेलू उपयोग की वस्तुएं और करीब दो से तीन हजार रुपये की नकदी भी जल गई। घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित दुर्घट कोल के अनुसार आग से चारपाई, पंखा, कूलर, कपड़े, खाद्य सामग्री सहित घरेलू उपयोग की सभी वस्तुएं नष्ट हो गईं। इसके अतिरिक्त महत्वपूर्ण रिकॉर्ड, अंकसूची और अन्य जरूरी दस्तावेज भी आग की भेंट चढ़ गए। पीड़ित के मुताबिक करीब दो से तीन हजार रुपये की नकदी भी जलकर नष्ट हो गई।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

आग की लपटें और धुआं देखकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि जिस कमरे में आग लगी थी, उस समय परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सोमवार सुबह थाने पहुंचकर दी सूचना

पीड़ित दुर्घट कोल ने सोमवार सुबह करीब 10 बजे अमिलिया थाने पहुंचकर घटना की जानकारी देते हुए आवेदन दिया। सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत के सरपंच संतोष शुक्ला भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

आग लगने के कारणों की जांच कर रही पुलिस

अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि आग लगने की जानकारी सोमवार सुबह मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि पुलिस द्वारा जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी। हादसे में परिवार का घरेलू सामान और जरूरी दस्तावेज जलने से पीड़ित परिवार को काफी नुकसान हुआ है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment