सीधी: NH-39 पर ट्रक का टायर फटा, अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिरा

जमोड़़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हादसा, चालक सुनील सिंह घायल
सीधी। जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (NH-39) पर एक सड़क हादसा हो गया। अभिनव ट्रेडर्स के पास तेज रफ्तार ट्रक का अचानक टायर फट गया। टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। ट्रक जमोड़ी स्थित अभिनव ट्रेडर्स के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक उसके टायर में तेज धमाके के साथ विस्फोट हुआ। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क से नीचे जा गिरा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पहुंचकर चालक को निकाला
प्रत्यक्षदर्शी अजय नामदेव के अनुसार उन्होंने तेज धमाके की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर ट्रक पलटा हुआ दिखाई दिया। चालक वाहन के अंदर फंसा हुआ था और उसके शरीर से खून निकल रहा था। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को ट्रक से बाहर निकाला गया और तत्काल ऑटो की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक सुनील सिंह घायल
घायल ट्रक चालक की पहचान सुनील सिंह के रूप में हुई है। जिला अस्पताल में उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को गंभीर चोट नहीं आई है, हालांकि चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही जमोड़ी थाना प्रभारी केदार परोहा के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
NH-39 जैसे व्यस्त मुख्य मार्ग पर हादसा होने के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस ने आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करते हुए यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया।