खाद्य सुरक्षा टीम की छापेमारी, छह नमूने जांच के लिए भेजे

0 15

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, सेक्टर-सी, अलीगंज, लखनऊ के आदेश के क्रम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।

 

खाद्य सुरक्षा टीम ने गुणवत्ता पर संदेह के आधार पर बरेली मोड़ स्थित कनक इंटरप्राइजेज (एंटरप्राइजेज बेकरी) से बनिला फ्लेवर केक मिक्स का एक नमूना लिया। चिनौर स्थित बाबा बेकरी से इलायची मिल्क रस्क का एक नमूना, नवादा इमली स्थित एकेपीकेओ फूड प्रोडक्ट से मिल्क रस्क का एक नमूना लिया गया।

 

इसके अलावा कटरा तिलहर स्थित क्रीमि फूड मधुसूदन डेयरी के संग्रहण केंद्र से मिश्रित दूध के दो नमूने तथा बड़ागांव पुवायां स्थित गोल्डी स्वीट्स से बेसन लड्डू का एक नमूना नियमानुसार संग्रहित किया गया। सभी छह नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान बाबा बेकरी एवं एकेपीकेओ फूड प्रोडक्ट पर मानक के अनुरूप साफ-सफाई नहीं मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। साथ ही सभी बेकरी इकाइयों को खाद्य पदार्थों में रंग का प्रयोग निर्धारित एवं सीमित मात्रा में करने के निर्देश दिए गए।

 

कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मानवेंद्र कुमार, वरुण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार, मनोज कुमार एवं डॉ. विवेक कुमार वर्मा शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए छापेमारी एवं जांच की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment