चलते-चलते बाइक बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान

0 108

(जिला ब्यूरो मनोज कुमार यादव)

 

डिंडौरी। जिला मुख्यालय में बुधवार सुबह कलेक्ट्रेट तिराहे के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब पंजाब नेशनल बैंक के सामने चलती बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में बाइक आग की लपटों से घिर गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाइक रोककर उससे दूरी बना ली, जिससे उसकी जान बच गई।

 

जानकारी के अनुसार समनापुर थाना क्षेत्र के भाजीटोला निवासी तान सिंह ठाकुर बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे बाइक से डिंडौरी आ रहे थे। कलेक्ट्रेट तिराहे के पास पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचते ही उन्हें बाइक से धुआं निकलता दिखाई दिया। खतरा भांपते हुए उन्होंने तत्काल बाइक रोकी और सुरक्षित दूरी पर चले गए।

 

चालक के बाइक से हटते ही कुछ ही देर में आग भड़क उठी। देखते ही देखते बाइक धू-धूकर जलने लगी और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ लोग जलती बाइक का वीडियो बनाते भी नजर आए।

 

मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल वाहन के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक काफी हद तक जल चुकी थी।

 

हादसे में राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते बाइक से धुआं निकलता देख खतरा भांप लिया और वाहन से दूर हो गया। बाइक में आग लगने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment