नशा मुक्त युवा, विकसित भारत के संकल्प के साथ छात्रों ने बनाई विशाल मानव श्रृंखला

0 67

कानपुर/शुक्लागंज। प्रधानमंत्री के “नशा मुक्त युवा–विकसित भारत” संकल्प अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से स्वतंत्रता दिवस नशा मुक्ति सप्ताह के अंतर्गत डीएसएम स्कूल में छात्रों ने विशाल मानव श्रृंखला बनाकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का आयोजन सोसाइटी योग ज्योति इंडिया, सूर्योदय फाउंडेशन एवं जरूरत फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति अभियान के प्रमुख एवं एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड धारी योग गुरु श्री श्री ज्योति बाबा ने किया।

मानव श्रृंखला में बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान “भारत माता की जय” और “नशा मुक्त युवा, शक्तिशाली भारत” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा।

कार्यक्रम का संयोजन धीरेंद्र राय एवं श्री कृष्ण लाल श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा ही वर्ष 2047 के विकसित भारत का निर्माता है। यदि युवा नशे की गिरफ्त में आया तो देश का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि ज्योति बाबा नशा मुक्ति परिवार आंदोलन के माध्यम से घर-घर तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।

इस अवसर पर योग गुरु श्री श्री ज्योति बाबा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “यह हाथों की नहीं, संकल्पों की श्रृंखला है। हर युवा को प्रण लेना होगा कि वह स्वयं नशे से दूर रहेगा और कम से कम एक मित्र को भी नशे से बचाएगा। नशेड़ी देश नहीं बना सकता, साधक ही देश का निर्माण कर सकता है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब परिवार और समाज नशामुक्त होंगे।

ज्योति बाबा ने नशे के विरुद्ध अभियान में परिवार में संवाद, 10 सेकंड का चिंतन और बुजुर्गों के मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में शिक्षक, अभिभावक एवं सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में ज्योति बाबा के नेतृत्व में उपस्थित सभी लोगों ने नशा मुक्त परिवार एवं नशा मुक्त भारत की शपथ ली। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

जारीकर्ता:

कृष्ण लाल श्रीवास्तव

संयोजक, मानव श्रृंखला

सोसाइटी योग ज्योति इंडिया

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment