रेलवे बोर्ड तक पहुंचा शाहजहांपुर के अधूरे आरओबी का मामला, सांसद अरुण सागर ने जताई नाराजगी

0 45

 

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। जनपद में लंबे समय से अधूरे पड़े तीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का मुद्दा अब रेलवे बोर्ड के समक्ष पहुंच गया है। शाहजहांपुर के सांसद अरुण सागर ने नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से मुलाकात कर डभौरा, मीरानपुर कटरा और कसरक रेलवे क्रॉसिंग पर चल रहे आरओबी निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा कराने की मांग की।

 

सांसद ने कहा कि तीनों स्थानों पर पुलों का अधिकांश निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन रेलवे ट्रैक के ऊपर बनने वाला अंतिम हिस्सा अधूरा होने से अब तक इन्हें आम जनता के लिए शुरू नहीं किया जा सका है। उनका कहना है कि इस देरी का खामियाजा रोजाना हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

 

उन्होंने बताया कि इस विषय को वह पहले भी लोकसभा में नियम-377 के तहत उठा चुके हैं। इसके अलावा मुरादाबाद मंडल के अधिकारियों से कई बार वार्ता और मुलाकात के माध्यम से निर्माण कार्य में तेजी लाने का अनुरोध किया गया, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिले।

 

सांसद के अनुसार, अधूरे ओवरब्रिजों की वजह से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए 10 से 20 किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। कई स्थानों पर निर्माण सामग्री और गार्डर रखे होने से रास्ते बाधित हैं, जिससे दोपहिया वाहनों सहित स्थानीय आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।

 

रेलवे बोर्ड चेयरमैन को सौंपे गए ज्ञापन में सांसद ने तीनों आरओबी का निर्माण शीघ्र पूरा कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में वह लगातार प्रयास कर रहे हैं।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment