कांवड़ यात्रा मार्ग का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

0 34

मुबारक अली संवाददाता

शाहजहांपुर। आगामी श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसपीआरए दीक्षा भंवरे सहित संबंधित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

 

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट से पुत्तूलाल चौराहा, केरूगंज, बरेली मोड़, ददरौल मोड़, कांट, जलालाबाद, अल्हागंज, हुल्लापुर, मदनापुर, खैरपुर, कटरा और तिलहर होते हुए विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने विश्राम व शिविर स्थलों पर पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों की मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।

 

अल्हागंज से हुल्लापुर मार्ग पर हाईवे किनारे नगर पंचायत का कूड़ा डंप मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और अधिशासी अधिकारी को दो दिन के भीतर कूड़ा हटाकर एमआरएफ सेंटर भेजने के निर्देश दिए। कूड़ा हटाने के बाद स्थल पर मिट्टी डालकर समतलीकरण कराने को भी कहा। हुल्लापुर चौराहे पर गोल चक्कर बनवाने तथा खराब लाइटों को ठीक कराने के निर्देश दिए गए।

 

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सतत गश्त और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment