Breaking News

मेडिकल स्टोर्स के निरीक्षण में मिलीं गंभीर अनियमितताएं, एक दवा दुकान तत्काल बंद

0 25

एक्सपायरी दवाएं, फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति और दस्तावेजों में खामियां मिलीं, नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू

डिंडौरी, 28 जुलाई 2026।

जिले में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने तथा दवा दुकानों का संचालन नियमानुसार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से औषधि प्रशासन की टीम ने 27 जुलाई को मेहंदवानी, कठोतिया एवं किसलपुरी क्षेत्र के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया। इस दौरान राजा मेडिकल स्टोर्स, कुशल मेडिकल स्टोर्स, मनमोहन मेडिकल स्टोर्स, अब्दुल मेडिकल स्टोर्स, शिव शक्ति मेडिकल स्टोर्स सहित अन्य दवा दुकानों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान कई मेडिकल स्टोर्स में एक्सपायरी दवाएं ट्रेड स्टॉक के साथ रखी मिलीं। इसके अलावा आवश्यक अभिलेखों एवं दस्तावेजों का समुचित संधारण नहीं किया गया था तथा कुछ स्थानों पर लाइसेंस की शर्तों के विपरीत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति भी पाई गई।

औषधि प्रशासन की टीम ने संबंधित संचालकों को सभी नियमों का कड़ाई से पालन करते हुए दवा दुकानों का संचालन करने के निर्देश दिए। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एक मेडिकल स्टोर को फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति के आधार पर तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया। यह दुकान तब तक बंद रहेगी, जब तक वहां नियमानुसार फार्मासिस्ट की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो जाती।

संबंधित मेडिकल स्टोर्स को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा संबंधित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिलेभर में इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Web TV

अगली ख़बर

Leave a comment